
बराक ओबामा पर निबंध – Barack Obama Essay In Hindi Language – Life Story Essay Biography
अमेरिका, जिसे कभी नव उपनिवेशवादी राष्ट्र में देखे जाने वाले अमेरिकी की आज एक सकारात्मक छवि बनी है और यह छवि जिस राजनयिक के कारण बनी है, वे हैं इसके वर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा | ओबामा की सकारात्मक विचारधारा एंव नेतृत्व क्षमता के कारण आतंकवाद एंव पर्यावरण सुरक्षा जैसे वैश्विक मुद्दे ही नहीं बल्कि विकासशील देशों के अन्य आन्तरिक मामलों के समाधान के लिए भी दुनियाभर की निगाहें उनकी ओर टिकी हुई हैं |
बराक ओबामा, जिनका पूरा नाम बराक हुसैन ओबामा है, का जन्म 4 अगस्त, 1961 को संयुक्त राज्य अमेरिका के हवाई प्रान्त में होनोलूलू नामक स्थान में हुआ था | उनके पिता बराक ओबामा सीनियर केन्याई मूल के थे एंव उनकी माता स्टेनली एन. डनहम अमेरिकी नागरिक थीं | सन 1963 ई. में उनके माता-पिता का अलगाव हो गया | सन 1967 ई. में उनकी माँ ने दूसरी शादी कर ली, जिसके बाद 6 से 10 वर्ष तक की अवस्था उन्होंने इंडोनेशिया के जकार्ता नामक स्थान में अपने सौतेले पिता के संग बिताई | सन 1971 में दस वर्ष की अवस्था में ओबामा होनोलूलू वापस आकर अपने नाना के साथ रहने लगे |
अपनी प्रारम्भिक शिक्षा पूरी करने के बाद सन 1983 ई. में ओबामा ने कोलम्बिया विश्वविध्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त की | इसके बाद कुछ दिनों तक उन्होंने बिजनेस इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन में नौकरी की | सन 1985 में वे शिकागो चले गए, जहां एक स्वयंसेवी संस्था में उन्होंने नौकरी की |
इसे भी पढ़ें- डॉ. मनमोहन सिंह पर निबंध
सन 1988 ई. में कानून के क्षेत्र में कैरियर बनाने के सपने के साथ 27 वर्ष की उम्र में उन्होंने हावर्ड लॉ स्कूल में प्रवेश किया, जहां से उन्होंने सन 1991 ई. में लॉ में स्नातक की उपाधि प्राप्त की | इस दौरान उन्होंने ‘ऑक्सफ़ोर्ड लॉ रिव्यू’ का सम्पादन भी किया | हावर्ड युनिवर्सिटी में उनके साथ मिशेल राबिन्सन भी कानून की पढ़ाई कर रही थीं | पढ़ाई खत्म होने के बाद दोनों ने सन 1992 में शादी कर ली | मिशेल से उनकी दो पुत्रियाँ हैं- मालिया एंव साशा | विवाह के पश्चात् कुछ दिनों तक ओबामा ने नागरिक अधिकारों के वकील के रूप में भी काम किया | इसके बाद 1993 ई. में उन्होंने युनिवर्सिटी ऑफ शिकागो लॉ स्कूल में व्याख्याता के रूप में कार्य करना प्रारम्भ किया |
ओबामा का राजनीतिक जीवन सन 1996 ई. में शुरू हुआ, जब पहली बार वे इलिनाय से सीनेटर चुने गए | यहां उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने वाले राजनेता के रूप में अपनी पहचान बनाई | ओबामा ने इस दौरान गरीबों के लिए करों में राहत और मृत्युदंड संबंधी कानूनों में महत्वपूर्ण बदलावों के लिए काम किया | नवम्बर 2004 में उन्हें पुनः अमेरिकी सीनेट के लिए चुना गया | इस बार उन्होंने सरकारी खर्चों में पारदर्शिता लाने के लिए काम किया | इस कार्यकाल के दौरान वे लगातार अमेरिका की तेल पर निर्भरता को नियन्त्रण में करने के लिए प्रयासरत रहे |
फरवरी 2007 में ओबामा ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की | अगस्त 2008 में वे डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति चुनाव में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार नामित हुए | नवम्बर 2008 में ओबामा ने इतिहास रचते हुए, राष्ट्रपति का चुनाव जीतने वाले प्रथम अफ़्रीकी-अमेरिकी मूल के प्रथम अमेरिकी नागरिक बने | उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर जॉन मैक्केन को इस चुनाव में हराया था, जो एक युद्ध बंदी रह चुके थे और राष्ट्रपति पद के लिए दूसरी बार प्रयास कर रहे थे | दुनिया भर में एक नए विश्वास को पुख्ता करते हुए बराक हुसैन ओबामा ने जनवरी 2009 में अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की | भूतपूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के योगदान को महत्व देते हुए अपने राष्ट्रपति पद हेतु शपथ ग्रहण करने से पहले वे उस स्थान पर गए जहाँ से लिंकन ने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की थी | ओबामा के साथी सीनेटर जोसेफ और बिडेन जूनियर अलास्का की गवर्नर साराह पालिन को हराकर उप-राष्ट्रपति पद पर पहुंचे | इसके अतिरिक्त ओबामा ने दोनों सदनों, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट, में अपनी पार्टी की जीत में भी अगुवाई की |
ओबामा की सोच को निर्मित करने में उनके अश्वेत होने से उपजे अनुभवों का बड़ा योगदान रहा है | उन्होंने दो किताबें भी लिखीं है | उनकी पहली पुस्तक ‘ड्रीम्स फ्रॉम माई फादर : ए स्टोरी ऑफ रेस एंड इनहेरिटेंस’ है, जिसमें उन्होंने अपने बचपन, युवावस्था और केन्या से अपनी जड़ों तथा अपनी विभिन्न नौकरियों के बारे में लिखा है | उनकी दूसरी पुस्तक है- ‘द आडेसिटी ऑफ होप’ जो 2006 में प्रकाशित हुई थी | यह उनकी बेस्टसेलर पुस्तक थी |
ओबामा से भारत ही नहीं दुनिया भर के अनेक देशों को काफी उम्मीदें हैं | उन्हें प्रगति एंव शान्ति के मसीहा के तौर पर देखा जाता है | उन्होंने विश्व-शान्ति के अपने प्रथम प्रयास के तौर पर, फरवरी, 2009 में इराक और अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना हटाने का फैसला किया | इसके बाद उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मंदी से उबरने के लिए 787 अरब डालर के आर्थिक प्रोत्साहन की धोषणा की | उन्हीं के कार्यकाल में 8 अप्रैल, 2010 को प्राग में रूस और अमेरिका के बीच रणनीतिक परमाणु आक्रामक हथियारों को सीमित करने सम्बन्धी नई सन्धि पर हस्ताक्षर हुए | निःशस्त्रीकरण के क्षेत्र में उठाय गए इस कदम से यूरो-अटलांटिक क्षेत्र तथा पूरे विश्व की सुरक्षा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा | अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि उनका देश अपनी नई परमाणु में रणनीति में ‘शीत युद्ध’ की पुरानी धारणा को कोई जगह नहीं देगा और अपने परमाणु हथियारों की संख्या कम करेगा |
नवम्बर 2010 में अपनी ऐतिहासिक भारत-यात्रा के दौरान औपचारिक निजी वार्ताओं और सार्वजनिक भाषणों में राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिका तथा भारत की वैश्विक साझेदारी को लेकर एक नया दृष्टिकोण रखा | यह दृष्टिकोण इस विश्वास पर आधारित है कि अमेरिका और भारत के हितों की बेहतरी आपसी साझेदारी में निहित है | उन्होंने कहा है कि भारत उभरता हुआ नहीं बल्कि उभर चुका देश है | वे मानते हैं कि भविष्य में भारत के सामने अनेक चुनौतियाँ खाड़ी होंगी, लेकिन उन्हें यह भी भरोसा है कि 21वीं सदी में उसके पास कई अवसर भी होंगे |
ओबामा के विश्व शान्ति हेतु किए गए प्रयासों को देखते हुए, उन्हें 2009 के नोबेल शान्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया | पुरस्कार घोषणा के बाद नोबेल समिति के निर्णायक मण्डल ने कहा था कि बराक ओबामा को यह पुरस्कार अन्तर्राष्ट्रीय कूटनीति में उनके महत्त्वपूर्ण गम्भीर प्रयास एंव उनके नाभिकीय असैन्यकरण के लिए किए गए विशेष प्रयत्न के लिए प्रदान किया गया है | उन्होंने मुस्लिम जगत के साथ बेहतर सम्बन्ध स्थापित करने, वैश्विक तापमान नियंत्रण के लिए गम्भीर प्रयास, इजराइल एंव फिलिस्तीन के नेताओं को आपसी वार्ता के लिए सहमत करने तथा ईरान, उत्तर कोरिया एंव म्यांमार जैसे कार्य किए हैं | नोबेल शान्ति पुरस्कार पाने वाले ओबामा चौथे अमेरिकी राष्ट्रपति हैं | इनसे पहले तीन अन्य अमेरिकी राष्ट्रपतियों- जिमी कार्टर (2002), वुडरो विल्सन (1919), एंव थियोडोर रूजवेल्ट (1906) को भी नोबेल शान्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है |
इसे भी पढ़ें- अल्बर्ट आइंस्टाइन पर निबंध
ओबामा का व्यक्तित्व अत्यन्त प्रभावशाली है | वे हमेशा अपने चुस्त-दुरुस्त व्यक्तित्व से युवाओं को भी मात देते नजर आते हैं | यही कारण जय कि आज वे दुनियाभर के करोड़ों युवाओं के आदर्श हैं | वे जहाँ भी जाते हैं उनका शानदार स्वागत किया जाता है | वे दुनियाभर में न सिर्फ एक राजनयिक बल्कि एक अच्छे वक्ता के रूप में भी प्रसिद्ध हैं | उनके सामने आतंकवाद, पर्यावरण सुरक्षा, आर्थिक मंदी, अन्तर्राष्ट्रीय विवाद, अमेरिका में बढ़ती बेरोजगारी इत्यादि के रूप में अनेक चुनौतियाँ हैं | उन्होंने आतंकवाद की समाप्ति के लिए कमर कस ली है | पिछले दिनों आतंकी संगठन अलकायदा का मुखिया और 11 सितम्बर, 2001 को अमेरिका पर हुए आतंकी हमले के मुख्य आरोपी ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान के एबटाबाद में एक सैन्य कारवाई के दौरान मार गिराकर ओबामा ने अपने दृढ़ इरादे भी जाहिर कर दिये हैं | ओसामा बिन लादेन को मारने के लिए संचालित किए गए आपरेशन नेपच्यून स्पीयर में मिली सफलता के बाद ओबामा ने अपने कूटनीतिक प्रयासों को भी अत्यन्त प्रभावी बनाना प्रारम्भ कर दिया है | उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में जीत प्राप्त करने के बाद शिकागो के ग्रीन पार्क में हजारों समर्थकों को सम्बोधित करते हुए कहा था “अमेरिका में परिवर्तन प्रारम्भ हो गया है |” वास्तव में ओबामा में परिवर्तन के प्रतिक बन गए हैं | उनके साथ अमेरिका ने एक नए युग में प्रवेश किया है |