मनोरंजन के हाइटेक साधन पर निबंध Essay On Modern Means Of Entertainment In Hindi Language
एक समय था जब मनोरंजन के लिए लोग शिकार खेला करते थे | सभ्यता में विकास के बाद दूसरे खेल लोगों के मनोरंजन के साधन बने | आज भी खेल लोगों के मनोरंजन के प्रमुख साधन हैं, किन्तु आजकल खेलों को प्रत्यक्ष रुप से देखने के बजाए किसी इलेक्ट्रानिक माध्यम से इसे देखने वालों की संख्या बढ़ी है | इस समय टेलीविजन, रेडियो तथा इंटरनेट एंव कंप्यूटर मनोरंजन के प्रमुख एंव हाई-टेक साधन हैं | आइए, मनोरंजन के इन हाई-टेक साधनों के बारे में विस्तार से जानते हैं |
टेलीविजन- टेलीविजन आजकल लोगों के मनोरंजन का एक प्रमुख साधन बन चुका है | इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि टेलीविजन पर हर आयु वर्ग के लोगों के लिए कार्यक्रम मौजूद हैं | गृहणियां कुकिंग सहित सास-बहुओं पर आधारित टी.वी शो देख सकती हैं | बच्चे कार्टून कार्यक्रम सहित तमाम तरह के गीत-संगीत पर आधारित रियलिटी शो देख सकते हैं | पुरुष न्यूज चैनलों के साथ-साथ क्रिकेट मैच का प्रसारण देख सकते हैं | बुजुर्ग लोग समाचारों, धारावाहिकों के अलावा धार्मिक चैनलों पर सत्संग एंव प्रवचन का आनंद ले सकते हैं |
रेडियो– आधुनिक काल में रेडियो मनोरंजन का एक प्रमुख साधन बनकर उभरा है | रेडियो पर गीत-संगीत के अलावा सजीव क्रिकेट कमेंट्री श्रोताओं को आनंदित तो करती ही है, जब से एफ.एम. चैनलों का पदार्पण भारत में हुआ है, रेडियो की उपयोगिता और बढ़ गई है | आजकल हम लोगों को मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न एफ.एम. स्टेशनों को सुनते देखते हैं | रेडियो मिर्ची, रेड एफ.एम., रेडियो सिटी, रेडियो म्याऊ इत्यादि चर्चित एफ.एम. स्टेशन हैं | ये श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं | आज एफ.एम. प्रसारण दुनिया भर में रेडियो प्रसारण का पसंदीदा माध्यम बन चुका है | इसका एक कारण इससे उच्च गुणवत्ता युक्त स्टीरियोफोनिक आवाज की प्राप्ति भी है | शुरुआत में इस प्रसारण की देश भर में कवरेज केवल 30 प्रतिशत थी, किन्तु अब इसकी कवरेज बढ़कर 60 प्रतिशत से अधिक तक जा पहुंची है |
कंप्यूटर एंव इंटरनेट– आधुनिक मनोरंजन के साधनों में कंप्यूटर एंव इंटरनेट का स्थान अग्रणी है | भारतीय युवाओं में इनका प्रयोग तेजी से बढ़ा है | इंटरनेट को तो कोई जादू, तो कोई विज्ञान का चमत्कार तो कोई ज्ञान का सागर कहता है | आप इसे जो भी कहिए किन्तु इस बात में कोई संदेह नहीं कि सूचना-क्रांति की देन यह इंटरनेट न केवल मानव के लिए अति उपयोगी साबित हुआ है बल्कि संचार में गति एवं विविधता के माध्यम से इसने दुनिया को बिल्कुल बदल कर रख दिया है |
आज विश्व के कुल 6.8 अरब से अधिक लोगों में से लगभग 2 अरब लोग इंटरनेट से जुड़े हुए हैं | अमेरिका में इंटरनेट से जुड़े लोगों की संख्या सर्वाधिक पूरे विश्व का लगभग 20 प्रतिशत है | भारत में ऐसे लोगों की संख्या 6 करोड़ से अधिक है | इंटरनेट ने सरकार, व्यापार और शिक्षा को नए अवसर दिए हैं | सरकारें अपने प्रशासनिक कार्यों के संचालन, विभिन्न कर प्रणाली, प्रबंधन और सूचनाओं के प्रसारण जैसे अनेकानेक कार्यों के लिए इंटरनेट का उपयोग करती हैं | कुछ वर्ष पहले तक इंटरनेट व्यापार और वाणिज्य में प्रभावी नहीं था लेकिन आज सभी तरह के विपणन और व्यापारिक लेन-देन इसके माध्यम से संभव हैं | इंटरनेट पर आज पत्र-पत्रिकाएं प्रकाशित हो रही हैं, रेडियो के चैनल उपलब्ध हैं और टेलीविजन के लगभग सभी चैनल भी मौजूद हैं | इंटरनेट के माध्यम से मीडिया हाउस ध्वनि और दृश्य दोनों माध्यम के द्वारा ताजातरीन खबरें और मौसम संबंधी जानकारियां हम तक आसानी से पहुंच रही हैं | नेता हो या अभिनेता, विद्यार्थी हो या शिक्षक, पाठक हो या लेखक, वैज्ञानिक हो या चिंतक सबके लिए इंटरनेट उपयोगी साबित हो रहा है |
सिनेमा– बात मनोरंजन के आधुनिक साधनों की हो, या पूर्व साधनों की, यह सिनेमा के बिना अधूरी है | सिनेमा पहले भी लोगों के मनोरंजन का एक शक्तिशाली माध्यम था, आज भी है | आज पारिवारिक एवं हास्य से भरपूर फिल्में दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन कर रही है | एक व्यक्ति तनावपूर्ण वातावरण से निकलने एंव मनोरंजन के लिए सिनेमा का रुख करता है | हालाँकि वर्तमान समय में बहुत-सी फ़िल्में हिंसा एंव अश्लीलता का भौंडा प्रदर्शन भी करती हैं, किन्तु इन जैसी खामियों को दरकिनार कर दें, तो दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन ही करते हैं |