
गणतन्त्र दिवस पर निबंध Short Essay On Republic Day Of India In Hindi Language
गणतन्त्र का अर्थ है- ऐसा राष्ट्र जिसकी सत्ता जनसाधारण में समाहित हो | यूँ हमारा देश 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजो की दासता से आजाद हो गया था लेकिन इस स्वतन्त्रता को वास्तविक अर्थ मिला- 26 जनवरी 1950 को | यह वह तारीख है, जब भारत का संविधान लागू हुआ था | इसी दिन को हम गणतन्त्र दिवस के रुप में मनाते आ रहे हैं | यह हमारा राष्ट्रीय पर्व है | इस दिन प्रत्येक भारतीय, देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है | गणतन्त्र दिवस की पूर्वसंध्या पर राष्ट्रपति राष्ट्र के नाम संदेश देते हैं, जिसका सीधा प्रसारण रेडियो एंव दूरदर्शन पर किया जाता है | इंडिया गेट, विजय पथ, नई दिल्ली में गणतन्त्र दिवस का समारोह विशेष तौर पर आयोजित किया जाता है | देश के अतिथि के रुप में प्रायः किसी देश के ‘राष्ट्राध्यक्ष’ को आमंत्रित किया जाता है | राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद भव्य झांकी का आयोजन किया जाता है | इंडिया गेट से लेकर विजय पथ तक इसे देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है | थल सेना, नौ सेना, वायु सेना एवं अद्धसैनिक बलों की परेड इस समारोह की जान होती है | इसके अतिरिक्त पूरे देश की संस्कृति का आभास कराते हुए प्रायः हर प्रदेश की भव्य एवं खूबसूरत झांकियां लोगों का मन मोह लेती हैं | इस समारोह में देश के लिए अपनी जान की बाजी लगा देने वाले जवानों को विशेष रुप से सम्मानित किया जाता है | देश के कोने-कोने से किसी विशेष मौके पर अपनी सूझ-बूझ एंव वीरता का प्रदर्शन करने वाले बहादुर बच्चों को भी इस दिन राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाता है | परेड के अंत में वायु सेना के जहाज आसमान में कलाबाजियां प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लेते हैं |
प्रजातन्त्र एंव लोकतन्त्र गणतन्त्र के ही समानार्थी शब्द हैं | प्रजातन्त्र शासन प्रणाली के अनेक लाभ हैं | प्रजातन्त्र शासन में राज्य की अपेक्षा व्यक्ति को अधिक महत्व दिया जाता है | राज्य व्यक्ति के विकास के लिए पूर्ण अवसर प्रदान कराता है | जिस तरह व्यक्ति और समाज को अलग करके दोनों के अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती, ठीक उसी प्रकार प्रजातांत्रिक शासन प्रणाली में प्रजा और सरकार को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता | प्रजातन्त्र के कई लाभ हैं, तो इससे कई प्रकार की हानियां भी संभव है | प्रजातन्त्र की सफलता के लिए यह आवश्यक है कि जनता शिक्षित हो एंव अपना हित समझती हो | जनता को यह समझना होगा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली है | इसके लिए हजारों लोगों ने अपने प्राण त्यागे हैं | आजादी मिलने के बाद देश का गणतन्त्र बनना हमारे लिए दोहरी खुशी है | इस दिन का सभी को आदर करना चाहिए | गणतन्त्र दिवस आजादी के शहीदों को याद करने एंव उन्हें श्रद्धांजलि देने में मुख्य भूमिका निभाता है |
इस दिन राष्ट्रपति भवन में अनेक राजकीय समारोह आयोजित किए जाते हैं | विदेशी राजनयिक, वरिष्ठ सम्मानीय जन व पदक विजेता यहां एकत्रित होते हैं | रात्रि को राष्ट्रपति भवन, सचिवालय, इंडिया गेट व अन्य राजकीय कार्यालय रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठते हैं | लालकिले के प्रांगण में हिन्दी एंव उर्दू भाषा में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाता है |
स्कूलों में देशभक्ति एंव सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है | राष्ट्रीय एकता का यह पर्व सभी धर्म के लोगों को मिलजुल कर रहने और भाईचारे का संदेश देता है | हमें देश की स्वतन्त्रता, अखंडता एंव संप्रभुता बनाए रखनी चाहिए | यह नहीं भूलना चाहिए कि हम आज जो आजादी की सांस ले रहे हैं, वह वीर-जवानों की देन है | सरहद पर जवान सर्दी-गर्मी, लू के थपेड़े सहते हुए भी हर पल दुश्मनों पर नजर रखते हैं, तो सिर्फ इसलिए कि हमारा गणतन्त्र सुरक्षित रह सके | हमें भी अपनी स्वतन्त्रता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए, देश के विकास में हर संभव योगदान देना चाहिए |